नई दिल्ली। नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) अपने इलाके की 157 पार्किंग को स्मार्ट बनाने की तैयारी कर रही है। उपयोगकर्ता मोबाइल एप या वेबसाइट पर खाली जगह देख सकेंगे, बुकिंग और ऑनलाइन भुगतान भी कर पाएंगे। इस योजना में करीब 15,060 कारों की पार्किंग की व्यवस्था होगी। कनॉट प्लेस, उसके उत्तर और दक्षिण के इलाकों में कुल 157 पार्किंग स्थल (48, 63 और 46) स्मार्ट बनेंगे। इन्हें चलाने वाली एजेंसियों को एनडीएमसी को हर महीने 6.4 करोड़ रुपये लाइसेंस शुल्क और कमाई का कुछ हिस्सा देना होगा। पार्किंग में नंबर प्लेट पहचानने वाले कैमरे, फास्टैग भुगतान और खाली जगह बताने वाले डिजिटल बोर्ड लगाए जाएंगे। अवैध पार्किंग हटाने के लिए जीपीएस से लैस वाहन भी तैनात होंगे। यह ठेका पांच साल के लिए होगा। टेंडर आवेदन की अंतिम तिथि 12 नवंबर है, जबकि तकनीकी बोलियां 13 नवंबर को खुलेंगी। संवाद