- दिल्ली टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन, अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया भारत का मान
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। जेन्सी कनाबर ने डीएलटीए स्टेडियम में आयोजित आईटीएफ डब्ल्यू15 महिला टेनिस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। महज 14 वर्ष की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर उन्होंने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। यह टूर्नामेंट महिला विश्व टेनिस टूर का हिस्सा है, जिसमें खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग अंक अर्जित करने का मौका मिलता है। प्रतियोगिता में 15 हजार अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि भी निर्धारित है। 3 मई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 32 खिलाड़ियों का मुख्य ड्रॉ शामिल है, जिसमें कई देशों की प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग ले रही हैं। ऐसे प्रतिस्पर्धी माहौल में जेन्सी का अंतिम चार में पहुंचना भारतीय टेनिस के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।