प्रत्येक छात्रा को बीटेक कोर्स की अवधि के दौरान मिलेंगे आठ लाख रुपये
नई दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) की बीटेक कोर्स की छात्राओं को नवाचार के लिए छात्रवृत्ति मिली है। चयनित छात्राओं के सम्मान के लिए डीटीयू के अकादमिक-यूजी अनुभाग द्वारा बजाज फाउंडेशन के सहयोग से समारोह आयोजित किया गया। इसमें 11 छात्राओं को रूपा बजाज राष्ट्रीय छात्रवृत्ति से सम्मानित किया गया। प्रत्येक छात्रा को आठ-आठ लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। छात्रवृत्ति के लिए जिन छात्राओं का चयन किया गया है वह बीटेक के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और मैकेनिकल इंजीनियरिंग शाखा की हैं। इस छात्रवृत्ति के तहत आर्थिक मदद ही नहीं बल्कि कौशल प्रशिक्षण भी मिलेगा। कुलपति प्रो. प्रतीक शर्मा ने कहा कि इस तरह की पहलें छात्राओं को महिलाओं को तकनीकी क्षेत्र में सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ब्यूरो