अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा और अनधिकृत प्रवेश पर अंकुश लगाने के लिए नई दिल्ली और दिल्ली जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। इस दौरान 101 यात्री बिना टिकट के पकड़े। रेलवे के अनुसार, एक अगस्त को चलाए गए अभियान के तहत बिना टिकट के पकड़े गए लोगों से 92,150 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली मंडल नियमित रूप से टिकट जांच अभियान चलाता है ताकि बिना टिकट यात्रा की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके। बिना टिकट यात्रा से न केवल रेलवे को आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि नियमों का पालन करने वाले यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है।