नए साल का जश्न के लिए पैसे कम पड़े तो एक युवक एटीएम ही तोड़ने लगा। हालांकि, मंसूबा पूरा होने से पहले ही गश्त कर रही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सोमवार रात डालनवाला थाने की चीता पुलिस करनपुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को चावला चौक पर बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में तोड़फोड़ होती दिखाई दी। सिपाही वहां पहुंचे तो देखा कि एक युवक अकेला ही मशीन में तोड़फोड़ कर रहा था।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह नए साल का जश्न मनाने आया था और पैसे खत्म हो गए थे। इसी कारण उसने यह हरकत की।
परिवार के साथ सीमाद्वार के पास रहता है आरोपी
आरोपी ने अपना नाम प्रदीप कुमार आर्य निवासी ग्राम संदलपुर बानसूर जिला अलवर राजस्थान बताया। देहरादून में वह परिवार के साथ सीमाद्वार के पास रहता है। इंस्पेक्टर डालनवाला राजीव रौथाण ने बताया कि उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश किया गया। वहां से जेल भेज दिया गया है।