विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र के मंडी चौक निवासी सागर चौहान, नितिन, कल्लू और एक अज्ञात युवक के खिलाफ जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि इन्होंने एक वेल्डर की साइट पर पहुंचकर उस पर लोहे की रॉड और कड़ों से हमला किया, जिससे उसका सिर तीन जगह से फट गया। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि मंडी चौक निवासी संजय कुमार ने मंगलवार को शिकायत दी। संजय पेशे से वेल्डर हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार, 24 अक्तूबर को वह अपनी साइट पर काम कर रहे थे। तभी उनके पास एक मोबाइल नंबर से धमकी भरा फोन कॉल आया और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक फोन कॉल के कुछ देर बाद सात-आठ युवक साइट पर पहुंच गए और लोहे की रॉड व कड़ों से उन्हें पीटने लगे। उनका कहना है कि सागर के फोन नंबर से ही उन्हें धमकी भरा कॉल आया था। हमले में कुछ अज्ञात लोग भी शामिल थे। प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद