विकासनगर। यमुनाघाटी बांध (लखवाड़-ब्यासी) प्रभावित समिति लोहारी का धरना प्रदर्शन 48वें दिन भी जारी रहा। धरने में महिलाएं और बच्चें भी शामिल हुए। आंदोलनकारियों ने शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। अध्यक्ष नरेश चौहान और सचिव दिनेश तोमर ने कहा कि आज तक सरकार का कोई नुमाइंदा उनकी सुध लेने नहीं आया है। जबकि राजधानी यहां से महज 70 किमी दूर है। उन्होंने शासन-प्रशासन पर बांध प्रभावितों की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि लोहारी गांव परियोजना के कारण पूर्ण विस्थापित गांव हैं। ऐसे में गांव को रेशम विभाग की भूमि पर विस्थापित किया जाना चाहिए। इस मांग को लेकर बांध प्रभावित लंबे समय से संघर्षरत हैं, लेकिन सरकार सुनने को तैयार नहीं। उन्होंने सरकार पर बांध प्रभावितों की घोर उपेक्षा का आरोप लगाया। धरना देने वालों में गुल्लो देवी, अनिता चौहान, चंदा चौहान, सुचिता तोमर, सुनिता तोमर, शर्मिला तोमर, भाव सिंह तोमर, रमेश चौहान, संदीप तोमर, सुरेंद्र तोमर, राजेंद्र तोमर, संजय चौहान, विजय चौहान, राजपाल तोमर, अमित चौहान आदि थे।