पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बारिश का असर क्षेत्र की नदियों पर भी दिखने लगा है। सोमवार को यमुना और टाेंस का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया। इसे देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। उधर, क्षेत्र की बरसाती नदी और नालों में भी तेज बहाव का पानी आ रहा है। इसे पार कर गंतव्य तक जाने वाले वाहन चालकों को रोकने के लिए पुलिस की तैनात की गई है। सोमवार को यमुना खतरे के निशान 455.37 से 30 सेंटीमीटर कम 455.07 मीटर पर बह रही थी। इसके अलावा टोंस में खतरे के निशान 644.75 से 50 सेंटीमीटर कम 644.20 मीटर जलस्तर रहा। उधर, पछवादून की प्रमुख आसन नदी में भी पानी अधिक रहा। उधर, शिवालिक की पहाड़ियों से निकलकर आसन नदी में गिरने वाले पानी से रपटों पर बहाव तेज रहा। वहां वाहनों के फंसने या बह जाने की आशंका के चलते पुलिस तैनात थी। कांवड़ियों को सतर्क करते हुए रपटों से निकाला गया। संवाद