हरबर्टपुर बस अड्डे पर चारधाम यात्रियों की सुविधा के लिए जर्मन हैंगर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। इससे यात्रियों को धूप और बारिश में परेशानी नहीं होगी। जर्मन हैंगर में व्यवसायिक कूलर भी लगाए जाएंगे। प्रशासन के मुताबिक रविवार तक काम पूरा कर लिया जाएगा। जर्मन हैंगर का एक दिन का किराया करीब 63 हजार रुपये है।
हरबर्टपुर बस अड्डे पर चारधाम यात्रियों के लिए लगातार सुविधाओं में विस्तार हो रहा है। बीते बृहस्पतिवार को गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय और डीएम सोनिका ने हरबर्टपुर बस अड्डे का निरीक्षण किया। टेंट में यात्रियों को गर्मी के चलते हो रही परेशानी का संज्ञान लेते हुए उन्होंने एसडीएम विकासनगर को बस अड्डे पर जर्मन हैंगर लगाने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार रात को जर्मन हैंगर लगाने का सामान बस अड्डे पहुंचा। शनिवार सुबह कर्मचारियों ने हैंगर को लगाने का काम शुरू कर दिया।
एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि 5250 वर्ग फुट के क्षेत्रफल में जर्मन हैंगर लगाया जाएगा। बताया कि रविवार तक काम पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बस अड्डे पर यात्रियों के लिए पेयजल, शौचालय, टोकन व्यवस्था से वाहनों के संचालन, सुरक्षा, सहायता केंद्र, सूचना प्रसारण केंद्र, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस आदि सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं।