शंकरपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में जूट बैग बनाने के प्रशिक्षण की शुरुआत की गई। महिलाओं के उत्थान व उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए प्रशिक्षण का उद्घाटन संस्थान के निदेशक ओपी पंवार ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को इस प्रकार के स्वरोजगार अपनाकर अपनी और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना चाहिए। आज के समय में महिलाओं का सशक्त बनना जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने घरों से ही छोटे-छोटे कारोबार संचालित करके अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकती हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही इस प्रकार के प्रयासों से केंद्र सरकार का महिलाओं को सशक्त बनाने का सपना भी साकार होगा। प्रशिक्षु महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करने, डिजिटल मार्किटिंग, उत्पादों को ऑनलाइन विक्रय करने आदि के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि कैसे बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करके अपने व्यवसाय को और अधिक प्रभावी ढंग से चला सकती हैं। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर बरखा बहार, वीरेश नौटियाल आदि उपस्थित रहे।