आंगनबाड़ी केंद्रों को राशन की सप्लाई करने वाले स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी पछवादून व जौनसार बावर की महिलाओं ने देहरादून के गांधी पार्क में धरना दिया। महिलाएं सप्लाई का काम छिन जाने व पिछला भुगतान नहीं किए जाने से नाराज हैं। धरने में डोईवाला क्षेत्र की महिलाएं भी शामिल हुई।
आंगनबाड़ी केंद्रों से वितरित किए जाने वाले टेक होम राशन की सप्लाई करने का कार्य राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत संचालित स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कराया जाता है। इसी क्रम में पछवादून के विकासनगर, सहसपुर, कालसी आदि क्षेत्रों में पहले से काम रहे कुछ समूहों की महिलाओं से इस बार काम नहीं मिल पाया है। महिलाओं का आरोप है कि विभाग ने उनका बकाया भुगतान किए बगैर ही दूसरे समूहों को सप्लाई का काम दे दिया है। जिससे महिलाओं के सामने संकट की स्थिति पैदा हो गई है। महिला समूहों से जुड़ी श्यामा चौहान, गीता मौर्या का कहना है कि राशन की सप्लाई के लिए महिलाओं ने विभिन्न संस्थाओं से ऋण लिया था जिसका भुगतान नहीं होने से उनके ऊपर ब्याज का दबाव बढ़ रहा है। महिलाओं ने गांधी पार्क में धरना देने के साथ सरकार के मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल व गणेश जोशी से उनके आवास पर मुलाकात करके बकाया भुगतान संबंधी ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही उनका भुगतान नहीं किया जाता तो वह गांधी पार्क पर भूख हड़ताल करेंगी। धरने पर बैठने वालों में लता नेपाली, कोमल, रीता नेगी, फरीदा, सायरा, सुषमा, बाला देवी आदि रहीं।