हरिद्वार जनपद के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार दोपहर को एक युवक ने किशोरी के साथ दुराचार का प्रयास किया। घटना रविवार की दोपहर की है।
13 वर्षीय किशोरी उस समय घर पर अकेली थी। उसकी मां घर के पास ही उपले बना रही थी, जबकि पिता घर से बाहर कहीं गया हुआ था।
चहारदीवारी फांदकर अंदर घुसा युवक
इसी बीच गांव का ही एक युवक चहारदीवारी फांदकर अंदर घुस गया और किशोरी के साथ दुराचार करने का प्रयास करने लगा। उसकी इन हरकतों पर किशोरी ने शोर मचाते हुए उसे धक्का दिया और खुद को उसके चंगुल से छुड़ाकर बाहर की तरफ भाग गई।
शोर मचाने पर गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपी युवक को दबोच कर उसकी जमकर धुनाई की।
परिजनों ने दी कोतवाली पुलिस को तहरीर
आरोपी युवक के परिजनों को इसकी भनक लगी तो वे कई लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों से धक्कामुक्की और मारपीट करते हुए उसे छुड़ाकर ले गए।
किशोरी के परिजनों ने इस घटना की बाबत कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।