देहरादून। डालनवाला के बलबीर रोड निवासी एक महिला ने आत्महत्या कर ली। मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पति और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
डालनवाला इंस्पेक्टर एनके भट्ट ने बताया कि 112 कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि बलबीर रोड पर एक महिला ने कमरे के अंदर चुन्नी के सहारे पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पुलिस पहुंची तो पता चला कि मृतका रिनी वर्मा पत्नी पंकज वर्मा को ससुराल पक्ष के लोगों ने पंखे से उतारकर कोरोनेशन अस्पताल पहुंचा दिया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया कि मृतका के मायके पक्ष की ओर से तहरीर देकर आरोप लगाया गया है कि पति और सास की प्रताड़ना के कारण रिनी ने आत्महत्या की है। आरोप लगाया कि वह उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। साथ ही पति उसे दूसरी शादी करने की धमकी देता था। आत्महत्या करने से पहले रिनी ने उन्हें फोन किया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति पंकज वर्मा और सास जगवंती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।