बीएसएनएल अधिकारी बनकर ठगी करने का एक और मामला सामने आया है। केवाईसी अपडेट करने के लिए मैसेज और फिर फोन किया। ठग ने डिटेल लेने के बाद खाते से 69 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत की, जिसके बाद अब पटेलनगर कोतवाली पुलिस जांच कर रही है।
पटेलनगर पुलिस के अनुसार मामले में शिकायत सुनील चंद जखमोला निवासी सैनिक कॉलोनी कारगी रोड ने की है। सुनील चंद के पास 15 साल पुराना बीएसएनएल का नंबर है। उस पर दो जून को एक मैसेज आया कि आपके नंबर की केवाईसी खत्म होने वाली है। इसके जल्द से जल्द अपडेट कराने के लिए कहा गया।
अगले दिन उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। उसने खुद को बीएसएनएल का अधिकारी बताया। उसने कहा कि यदि आप 13.90 रुपये का भुगतान करेंगे तो ऑनलाइन केवाईसी हो जाएगी। इसके लिए उसने एक एप डाउनलोड करवाई।
एप पर उन्होंने इंटरनेट बैंकिंग के जरिए भुगतान किया। ओटीपी समय पर नहीं आने से भुगतान नहीं हो पाया। इसके बाद उन्होंने डेबिट कार्ड से भुगतान किया तो उससे 13.90 रुपये के अलावा 24 हजार रुपये और कट गए। इस पर उन्होंने तुरंद फोन बंद किया।
थोड़ी देर बाद खोला तो 25 हजार रुपये और कटने का मैसेज आया। उन्होंने एसबीआई कस्टमर केयर पर संपर्क किया। इस दौरान तक उनके खाते से कुल 69 हजार रुपये कट गए। पीड़ित ने कार्ड ब्लॉक कराने के बाद साइबर थाने में तहरीर दी। जांच के बाद पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।