पछवादून और जौनसार-बावर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को पहाड़ों पर बारिश कम होने से पत्थर और मलबा गिरने का सिलसिला थम गया। इसके चलते लोनिवि ने मुस्तैदी दिखाते हुए क्षेत्र के नौ बंद मोटर मार्गों से मलबा हटाकर यातायात पूरी तरह सुचारु करा दिया है। जबकि एक मार्ग पर मलबा हटाने का काम जारी है। लोनिवि ने जिन नौ मार्गों से मलबा साफ किया है, उनमें पछवादून के बिन्हार क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाने वाला लांघा-मटोगी-मदर्सु मोटर मार्ग भी शामिल है। यह मार्ग पिछले दो दिनों से बंद था, जिसे देर रात कड़ी मशक्कत के बाद खोल दिया गया। हालांकि, पीएमजीएसवाई कालसी के अधीन जगथान मोटर मार्ग पर अभी भी मलबे की सफाई का काम चल रहा है। विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि इस मार्ग को भी देर रात तक यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।यमुना व टौंस का जलस्तर घटा : पहाड़ी इलाकों में पिछले 24 घंटे में बारिश का जोर कम होने का सीधा असर नदियों के उफान पर दिखा है। दोनों प्रमुख नदियों का जलस्तर अब खतरे के निशान से नीचे आ गया है। यमुना नदी का वर्तमान जलस्तर 452.32 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि इसका खतरे का स्तर 455.37 मीटर है। नदी पर बने डाकपत्थर बैराज से 21,771.85 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसी तरह, टौंस नदी में खतरे का स्तर 644.75 मीटर है, जबकि वर्तमान में पानी 644.40 मीटर पर बह रहा है। यहां इच्छाड़ी बांध से 12,947.42 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया है।