ईसी रोड के पास 10 मई से पानी की दिक्कतI
ईसी रोड अपोजिट एसके मेमोरियल, एपेक स्पोर्ट्स फिटनेस के पास मंदिर के पास वाली लाइन में पानी की समस्या बनी हुई है। निशी ने बताया कि यहां पर 10 मई से कई घरों में पानी की दिक्कत है। प्रेशर इतना धीमा है कि जरूरत भी पूरी नहीं हो पा रही है। एक सप्ताह से समस्या बढ़ने पर तीन टैंकर मंगा चुके हैं।
लक्खीबाग, लक्कड़ मंडी के कई घरों में नहीं आ रहा पानीI
रेलवे स्टेशन के पीछे लक्खीबाग, लक्कड़ मंडी के पास करीब सात-आठ घरों में पिछले एक सप्ताह से पानी नहीं आ रहा है। इस संबंध में उपभोक्ताओं ने जल संस्थान से कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। साथ ही उपभोक्ता सीएम पोर्टल पर भी शिकायत कर चुके हैं। वहीं, सहस्रधारा रोड स्थित नारायण चौक और आसपास बने एन्क्लेव में लंबे समय से पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। आरके तिवारी ने बताया कि जल संस्थान से कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सुध नहीं ली जा रही है। स्थिति यह है कि निजी टैंकर मंगाना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें...Rudraprayag Accident: एसडीएम के नेतृत्व में तीन सदस्यीय दल कर रहा है मजिस्ट्रीयल जांच, कई लोगों के बयान दर्ज
यहां भी लोग हो रहे परेशानI
सहस्रधारा रोड स्थित विकास लोक लेन नंबर- 3 की उपभोक्ता सरला यादव ने बताया कि पिछले 15 दिन से सात-आठ घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। हमारा घर निचले हिस्से में है, इसके बाद भी पानी नहीं आ रहा है। इस संबंध में जल संस्थान को लिखित शिकायत की है। वहीं, कौलागढ़ स्थित लक्ष्य विहार में पिछले एक महीने से धीमे प्रेशर की समस्या है। उपभोक्ता रीना जैन ने बताया कि 14 घरों में सही से पानी नहीं पहुंच रहा है। पानी एक ही समय आता है और प्रेशर बहुत कम होता है।