कोतवाली क्षेत्र के कुंजा में मस्जिद में पढ़ने गए छात्र को दूसरे छात्र ने पीट दिया। पीड़ित के पिता पिटाई करने वाले छात्र को समझाने के लिए गए तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक महिला, उसके तीन बेटों और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कुंजा निवासी शमशाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात अक्तूबर को उनका बेटा मोहम्मद अहमद मस्जिद में पढ़ने के लिए गया था। कुछ देर बाद वह रोता हुआ घर आया। उसने बताया कि गांव के रहने वाले अनस ने उसे मारा। बताया कि उन्होंने अनस से मारपीट का कारण पूछा और उसे दोबारा लड़ाई न करने की बात कही। इसके कुछ देर बार अनस के परिवार के लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर घर के गेट पर आ गए। सभी ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर हसीना, आवेश, परवेज, जावेद और अन्य युवकों ने लाठी-डंडों से वार करना शुरू कर दिया। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीत कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।