पछवादून में दो घंटे तक हुई तेज बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया। लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चे जलभराव वाली सड़कों के बीच से गुजरे। बाजार क्षेत्र की दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। सोमवार की सुबह मौसम साफ था। दस बजे के बाद आसमान में बादल छाने लगे। लगभग 11.30 बजे बारिश शुरू हो गई। इस दौरान विकासनगर के काॅलेज रोड, सिनेमा गली, भट्टा रोड, पंजाबी काॅलोनी, 28 फिटा रोड आदि जगहों पर जलभराव हो गया। हरबर्टपुर के लेहमन मसीही अस्पताल को जाने वाली सड़क पर पानी भर जाने से रोगियों व उनके तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ी। बारिश का असर सेलाकुई के बाजार में भी दिखाई दिया। नगर के निगम रोड, हरिपुर व बाजार से सटी गलियों में जलभराव से लोगों घरों से निकलना मुश्किल हो गया। कई दुकानों में पानी भर गया। सेलाकुई के अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने बताया कि नगर के नाले व नालियों की सफाई का कार्य शुरू करा दिया गया है। जलभराव की समस्या के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।