ट्यूबवेल की मोटर फुंकने से आरकेडिया क्षेत्र के करीब 3000 लोगों को शुक्रवार को पानी नहीं मिल पाया। विभागों में आपसी तालमेल न होने के कारण देर शाम तक मोटर की मरम्मत भी नहीं हो पाई, जिससे आज भी लोगों के सामने पानी का संकट रह सकता है। बीती शाम बनियावाला गांव स्थित नलकूप की मोटर फुंक गई, जिसके कारण पानी की आपूर्ति ठप हो गई। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों की शिकायत पर जल संस्थान के कर्मचारी वहां पहुंचे। उन्होंने कहा कि ट्यूबवेल सिंचाई विभाग का है।इसलिए इसको ठीक करने का जिम्मा उन्हीं का है। देर शाम तक दोनों विभागों के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे। जिसके कारण पूरे दिन क्षेत्र में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। जल संस्थान के जेई कृष्णचंद्र बुधानी ने बताया कि शनिवार को ट्यूबवेल की मोटर बदलने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्यूबवेल में दिक्कत के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसे आज ठीक कर लिया जाएगा। आरकेडिया के सामाजिक कार्यकर्ता वीरू बिष्ट ने बताया कि दोनों विभागों में तालमेल ना होने के कारण अक्सर इस तरह की परेशानी हो रही है। उन्होंने ट्यूबवेल के रखरखाव के लिए व्यवस्था बनाने की मांग की, जिससे गर्मियों के मौसम में लोगों को पानी के लिए परेशान ना होना पड़े।