माई सिटी रिपोर्टर देहरादून। 28 दिन की निगरानी के दौरान कोरोना का कोई भी नया मामला सामने ना आने पर जिला प्रशासन ने जॉन ढाबा कैंट रोड मोथरोवाला क्लेमेंटटाउन और विवेक विहार भाग पांच गली जाखन क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया है। कोरोना के मामले सामने आने पर इन दोनों इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया था। जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को 123 सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे गए। वहीं 59 सैंपल की रिपोर्ट बृहस्पतिवार को प्राप्त हुई, जिसमें एक कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में कुल कोरोना पॉजिटिव की संख्या 713 हो गई है, जिनमें से 104 का मौजूदा समय में उपचार चल रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने आज जिले में 268 को मोर्बीडीटी अवस्था के व्यक्तियों को चिन्हित किया। अन्य राज्यों से जिले में पहुंचे कुल 527 लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद क्वारंटीन किया गया है। वही को मोर्बीडीटी मॉनिटरिंग और सर्विलांस कंट्रोल रूम से को मोर्बीडीटी अवस्था वाले कुल 322 लोगों से फोन पर संपर्क कर उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली गई। - यह रहे कोरोना वॉरियर्स सिविल सोसाइटी से दून फूड रिलीफ फाउंडेशन के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार डंडोना को जरूरतमंदों को भोजन वितरित करने के लिए कोरोना वॉरियर चुना गया। वहीं शासकीय विभाग से क्वॉरेंटीन सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ दीपांकर बिष्ट को कोरोना वॉरियर घोषित किया गया।