वाहन चोरी के आरोप में सेलाकुई पुलिस ने शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की बाइक और स्कूटर बरामद हुए। उस पर पूर्व में लूट समेत विभिन्न धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं।
थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि प्रगति विहार सेलाकुई निवासी रियासत हुसैन की बाइक सेलाकुई स्थित शिव मंदिर के बाहर से बीते आठ अप्रैल को चोरी हो गई थी। उन्होंने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। खुलासे के लिए टीम गठित की गई थी। बीते बृहस्पतिवार की रात मुखबिर की सूचना पर आरोपी शुभम सोनी निवासी प्रगति विहार सेलाकुई को चोरी की बाइक के साथ सेलाकुई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि आठ अप्रैल की रात को ही उसने कोतवाली नगर क्षेत्र की घोसी गली से स्कूटर चोरी किया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने राजा रोड स्थित पिरामिड अस्पताल के पीछे स्थित बरसाती नाले से स्कूटर भी बरामद किया।