थाना क्षेत्र से नौ दिन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता व्यक्ति का सुराग न मिलने पर ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया। लोगों ने थाना परिसर में जमकर नारेबाजी की। वहीं, 31 मई तक लापता व्यक्ति की जानकारी न मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। कालसी क्षेत्र के ग्राम सिमोग निवासी दिलेराम (46) पुत्र केसुराम रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी में कार्य करता था। वह गुप्तकाशी से कालसी क्षेत्र में आया था। लेकिन, अपने घर नहीं पहुंचा। परिजनों का दावा है कि 19 मई को कालसी के ही कोटी क्षेत्र में उसे देखा गया था। 20 मई को लापता व्यक्ति के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया था।बुधवार को लापता व्यक्ति का सुराग न मिलने से आक्रोशित ग्रामीण कालसी थाने पहुंच गए। ग्रामीणों ने थाने का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि नौ दिन से व्यक्ति गुमशुदा है। अब, तक यह जानकारी नहीं मिल पाई है वह जिंदा भी है या नहीं। ग्रामीणों ने कहा कि 31 मई तक लापता व्यक्ति की जानकारी न मिलने पर वह उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। वहीं, थाना प्रभारी दीपक धारीवाल ने बताया कि व्यक्ति छह-छह माह तक सिमोग स्थित अपने घर से लापता रहता था। वह अधिकतर कोटी गांव में ठेकेदार के घर रहने आता था। जब, ठेकेदार गांव में नहीं होता था तो वह कहीं और रहने चला जाता था। बताया कि व्यक्ति की कॉल डिटेल में भी कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में श्रीचंद शर्मा, ज्योतिराम शर्मा, ज्ञान सिंह, तिलक शर्मा, मोहर सिंह, महावीर, खुशीराम शर्मा, मातबर शर्मा, शुभम शर्मा, भवान सिंह आदि शामिल रहे।