एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी टिपराड़ मोटर मार्ग को नहीं खोला गया है। जिससे गुस्साएं लोगों ने मंगलवार को चकराता पहुंच कर लोक निर्माण विभाग खंड चकराता के अधिशासी अभियंता डीपीएस नेगी का घेराव किया।
ग्रामीणों ने कहा कि 31 मई को कुईडा खड्ड के उफान पर आने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। तब से विभाग ने सड़क की सुध नहीं ली है। जिस कारण ग्रामीणों को दो किमी की पैदल दूरी नापनी पड़ रही है। गांव के 15 परिवारों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि नकदी फसलों को मंडी तक पहुंचाने में किसानों को परेशानी हो रही है। अधिशासी अभियंता ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि 20 जुलाई तक सड़क को खोल दिया जाएगा। घेराव करने वालों में भोपाल सिंह चौहान, गजे सिंह, केशर सिंह, नरेंद्र सिंह, पूरण सिंह, बिजेंद्र सिंह, जवाहर सिंह, विक्रम सिंह, रणवीर, बलवीर आदि शामिल रहे।
सेब सीजन शुरू होने से पहले सुधारी जाए सड़क की हालत
विकासखंड के अंतर्गत 11 किमी लंबे सिलीखड्ड-कुनैन मोटर मार्ग बारिश से आए दिन बाधित हो जाता है। तब मोटर मार्ग से जुड़े आधा दर्जन गांवों की तीन हजार की आबादी का संपर्क जिला, तहसील, ब्लॉक मुख्यालय से कटा जाता है। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष महिला मोर्चा नीलम राणा ने सेब सीजन से पूर्व मोटर मार्ग की हालत सुधारने की मांग को लेकर ज्ञापन जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान को सौंपा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिलाधिकारी को मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ज्ञापन में कहा कि मोटर मार्ग से सेंज, कुनैन, अमराड़, झबराड़, खरोड़ा, कुताड़ आदि गांव जुड़े हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पांच वर्ष पूर्व मोटर मार्ग का निर्माण किया गया था। कहा कि जुलाई अंतिम सप्ताह में सेब सीजन शुरू होने वाला है। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सेब का उत्पादन होता है। जिसे देखते हुए सड़क की हालत सुधारी जाए।