मसंदावाला में टौंस और नून नदियों में हो रहे अवैध खनन के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड नंबर नौ की सदस्य प्रीती थापा के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे और विरोध जताया और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बरसात में खनन पर रोक के बावजूद नदियों से लगातार खनन किया जा रहा है। खनन से नदी की धारा गांव की ओर मुड़ गई है जिससे खतरा बना हुआ है। इसकी शिकायत कई बार खनन विभाग से की गई लेकिन खनन नहीं रुक रहा है। लोगों ने कहा कि पिछले वर्ष इसी दौरान आई जलप्रलय में रात के समय नदी में खनन कार्य में लगे चार मजदूरों की बहने से मौत हो गई थी। इसके बावजूद यहां खनन नहीं रुक रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बारिश के दौरान भी दिन-रात नदियों से खनन किया जा रहा है। लोगों ने खनन विभाग से मामले की जांच कर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर खनन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने टीम को बताया कि नदी में लगातार खनन होने से धारा का रुख गांव की ओर हो गया है। नदी किनारे कटाव बढ़ने के कारण तेज बारिश में पानी आसपास के घरों में घुसने का खतरा बना रहता है। इस दौरान पूर्व उपप्रधान चंद्रमणि पेटवाल, उमाशंकर बहुगुणा, ममता थापा, पदमा गुरुंग, अंजू गुरुंग, राधा थापा, सविता, मंजू नेगी, सरिता, लक्ष्मी, तारा थापा, आशा थापा, रमिला गुरुंग आदि मौजूद रहे।