प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी जगथान-बुराईला मोटर मार्ग के निर्माण में की गई अनियमितताओं का खामियाजा ग्रामीणों को उठाना पड़ रहा है। कटिंग के मलबे को कृषि भूमि व चारागाह में डाले जाने से काफी नुकसान हुआ है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। उन्होंने मुआवजे की मांग की है।
पीएमजेएसवाई के अंतर्गत लोनिवि खंड कालसी द्वारा इस मोटर मार्ग की कटिंग की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कटिंग सही नहीं की गई। कई जगहों पर सड़क संकरी है। कई जगहों पर सड़क को खड्ड से होकर गुजारा गया है। बारिश में सड़क बंद हो जाती है। डाडुवा से कितरौली के बीच पांच किमी हिस्से पर डंपिंग जोन नहीं बनाया गया। ठेकेदारों ने मनमर्जी से कटिंग का मलबा नीचे गिरा दिया, जिससे कृषि भूमि और चारागाह को भारी नुकसान पहुंचा है। पुश्तों का निर्माण भी सही तरीके से नहीं कराया गया है। 42 किलोमीटर लंबी इस सड़क का धारना धार से बुराईला गांव होते हुए म्याईयार खड्ड तक कटिंग का कार्य पूरा हो चुका है।
स्थानीय निवासी विपिन चौहान, बृजेश चौहान, राजेश चौहान, बिरेंद्र सिंह, बलवीर सिंह, पूरण सिंह, रतन सिंह आदि का आरोप है कि सड़क के निर्माण में भारी अनियमितताएं बरती गईं। शिकायत कई बार की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पुश्ता निर्माण, कटिंग, स्क्रबर निर्माण में अनियमितताएं की गई।
अनुबंध के अनुसार पांच साल तक सड़क की मरम्मत की जिम्मेदारी ठेकेदार की है। जहां भी कमियां पाई जाएंगी, उन्हें दूर कराया जाएगा। मलबे से हुए नुकसान को लेकर सर्वे कराया गया है। इसकी फाइल तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। - राजेंद्र टम्टा, अधिशासी अभियंता, कालसी