विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि कोतवाली क्षेत्र में हाल ही में सामने आए नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने के मामले में अब पीड़िता पर शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा है। समाज के स्थानीय ठेकेदार ही यह घृणित कार्य कर रहे हैं। ऐसे लोगों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकासनगर को असामाजिक तत्वों को शरणस्थली नहीं बनने दिया जाएगा।
रविवार की शाम अपने निजी आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक ने कहा कि असामाजिक तत्व विकासनगर के सामाजिक तानाबाने को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। क्षेत्र में किसी न किसी बहाने अवंछित तत्वों की घुसपैछ बढ़ रही है। इसमें अधिकांश एक ही समुदाय के लोग शामिल हैं। वह पिछले कई माह से हिंदू लड़कियों को फंसाने की घटनाएं उजागर कर रहे हैं। उनको ब्लैकमेल और शोषण पर चर्चा भी करते हैं। कहा कि इस बार मुस्लिम समुदाय की नाबालिग के साथ दुष्कर्म, उत्पीड़न और शादी के लिए दबाव बनाने का मुद्दा भी वह ही उठा रहे हैं। विधायक ने कहा कि पुलिस को नाबालिग पर दबाव बनाने वाले को चिह्नित कर उनपर सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस को एक बार फिर से बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वार्ता के दौरान रोशन नेगी मौजूद रहे।