प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर होंगे पांच दिवसीय कार्यक्रम
अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर टपकेश्वर मंदिर की माता वैष्णो देवी गुफा और श्री धोलेश्वर महादेव मंदिर में पांच दिवसीय विशेष पूजा अनुष्ठान, श्री हनुमान चालीसा पाठ, भजन कीर्तन, प्रभु श्रीराम मंदिर के चित्रों का वितरण किया जाएगा।
आचार्य डॉ. बिपिन जोशी ने बताया कि पांच दिवसीय विशेष पूजा अनुष्ठान का शुभारंभ 19 जनवरी को किया जाएगा। इसके बाद 20 जनवरी को श्री धोलेश्वर महादेव मंदिर में दक्षिण मुखी श्री सिंदुरिया हनुमान जी को सिंदूर का चोला चढ़ाया जाएगा और नए वस्त्र आभूषण धारण कराए जाएंगे। 21 जनवरी को श्री धोलेश्वर महादेव मंदिर में संगीतमय सामूहिक सुंदरकांड पाठ, भजन कीर्तन होंगे।
श्रीराम मंदिर में हुई अक्षत कलश की स्थापनाI
अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर बल्लूपुर रोड स्थित दीपलोक कॉलोनी के श्रीराम मंदिर में अक्षत कलश की स्थापना की गई। इसके बाद मंदिर से अक्षत वितरण अभियान का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर भजन कीर्तन से वातावरण भक्तिमय रहा। मंदिर के सचिव अरविंद मित्तल ने कहा कि अक्षत प्राप्त होने के बाद उसे सम्मान के साथ अपने घर में पूजा स्थल पर स्थान दें।
एक हजार परिवारों को वितरित किए अक्षत कलश
श्रीराम मंदिर अयोध्या से पहुंचे अक्षत कलश का दून में लगातार वितरण किया जा रहा है। भाजपा नेता रतन सिंह चौहान ने बताया कि 1 जनवरी से मेहूवाला माफ़ी क्षेत्र में घर-घर जाकर अक्षत कलश वितरण कार्य किया जा रहा है। अभी तक एक हजार परिवारों में पूजित अक्षत दिए जा चुके हैं। मेहूवाला बस्ती में संघ के पदाधिकारी तरुण आनंद के संयोजन में 25-25 राम भक्तों की चार टोली बनाईं गयी है। इस अवसर पर राहुल चौहान, राजेश कुमार, अमन पाल, अनिल पाल, मदन पाल आदि मौजूद रहे। वही क्लेमेंटटाउन के श्री शिवरघुनाथ मंदिर में 14 महिलाओं के समूह को अक्षत कलश को घर-घर बांटने की जिम्मेदारी दी गई।