नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक दिन में दो घरों से लाखों के जेवर और नकदी चोरी के दो शातिर आरोपियों को नेहरू कॉलोनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चुराया गया माल और नकदी बरामद कर ली गई है। आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी लोकेंद्र बहुगुणा ने बताया कि पिछले मंगलवार को पूर्व सैनिक त्रिलोक सिंह रावत निवासी खुशी विहार नवादा और डॉ. राकेश चौधरी निवासी सैनिक कॉलोनी हरिपुर नवादा ने तहरीर दी थी। पूर्व सैनिक ने बताया था कि घर में ताला लगाकर किसी आवश्यक कार्य से वह बाहर गए हुए थे। जब वह लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था। चोर लाखों के गहने और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
वहीं, डॉ. राकेश चौधरी ने बताया कि वह शाम को क्लीनिक पर थे। पत्नी भी किसी काम से बाहर चली गईं। वापस लौटी तो घर का ताला टूटा मिला। घर से लाखों के जेवर और 86 हजार रुपये नकद गायब मिले। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज में दो आरोपी नजर आए।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी तैयब अली निवासी कोटला नवादा और झांई निवासी दीपनगर को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए गहने और नकदी बरामद कर ली गई है।