हरबर्टपुर चौक पर जाम की स्थिति गंभीर हो गई है। यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाले इस चौक पर सुबह, दोपहर व शाम तीनों समय वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है। पीक समय पर यातायात संचालन के लिए जिम्मेदार पुलिस दूर-दूर तक दिखाई नहीं देती है। निजी बस यूनियन के पदाधिकारी व स्थानीय निवासी और दुकानदार सड़क के बीच में खड़े होकर यातायात को व्यवस्थित कराते दिखाई देते हैं। रविवार की दोपहर 12 बजकर 53 मिनट पर ऐसा ही नजारा हरबर्टपुर चौक पर दिखाई दिया। दून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग, दिल्ली-यमुनोत्री राजमार्ग व ढकरानी की ओर जाने वाले रोड पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। मुख्य चौक से पहले निकलने की जल्दी में दोपहिया, चारपहिया वाहन चालक एक के बाद जाम में फंसने लगे। पुलिस कहीं दिखाई नहीं दी। वाहन चालक बेखौफ होकर नियमों का उल्लंघन करते रहे। विकासनगर-देहरादून निजी बस सेवा के हरबर्टपुर संचालक सरदार अवतार सिंह सड़क के बीच में खड़े होकर बेतरतीब ढंग से घुस रहे वाहनों को रोककर उन्हें व्यवस्थित संचालन कराने लगे थे। स्थानीय निवासी फुरकान अली, गौरव , शिवम गोयल ने बताया कि चौक पर आए दिन यही स्थिति रहती है। हरबर्टपुर चौक से हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, यूपी आदि राज्यों के लिए वाहनों की आवाजाही होती है। सीओ विकासनगर भास्कर लाल शाह ने कहा कि चाैक पर पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। समस्या को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के लिए उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी।