विश्वविद्यालयों की टाइम्स हायर एजुकेशन इम्पैक्ट रैंकिग-2024 में उत्तरांचल विश्वविद्यालय सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा की श्रेणी में उत्तराखंड में प्रथम, भारत में पांचवें और विश्व में 25वें स्थान पर रहा। जबकि समग्र रैंक की श्रेणी में देश में 32वें स्थान और विश्व में 601 से 800 की श्रेणी में रहा। इसके उपलक्ष्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विवि के शिक्षकों व शोधकर्ताओं को पुरस्कृत किया गया।
विवि को रैंकिंग में मिली सफलता पर स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में विशेष कार्यक्रम किया गया। विवि प्रेसीडेंट जितेंद्र जोशी ने केक काटकर जश्न मनाया। जिसमें विवि के शिक्षकों, शोधकर्ताओं, अधिकारियों व कर्मचारियों ने भागीदारी की। इस मौके उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विवि के आंतरिक गुणवत्ता, आश्वासन प्रकोष्ठ व अनुसंधान एवं नवाचार डिवीजन के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। कार्यक्रम में विवि कुलपति प्रो. धर्म बुद्धि ने कहा कि उत्तरांचल विवि ने विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विशेष उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना की गई है। विवि उपाध्यक्ष अंकिता जोशी, उपकुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा, कार्यकारी निदेशक डा. अभिषेक जोशी आदि मौजूद रहे।