साइबर अटैक से बचने के लिए उत्तरांचल ग्रामीण बैंक के सॉफ्टवेयर को अपग्रेड किया जा रहा है। इसके चलते लोगों को पिछले कुछ दिनों से लेनदेन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, नेट बैंकिंग तो हो रही है, लेकिन यूपीआई के माध्यम से लेनदेन नहीं हो पा रहा है।
देहरादून में उत्तरांचल ग्रामीण बैंक की करीब 25 शाखाएं हैं। इनमें विगत सोमवार से लेनदेन प्रभावित हो रहा है। बताया गया है कि कई जगहों पर नेट बैंकिंग नहीं हो पाई। इसके बाद लोग बैंक पहुंचे और यहां से लेनदेन किया। वहीं, सबसे ज्यादा दिक्कत यूपीआई के जरिए मोबाइल से रकम के आदान प्रदान में आ रही है। बैंक के आईटी विभाग से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि नेट बैंकिंग सुचारू है। यूपीआई के जरिए ट्रांजेक्शन में दिक्कत आ रही है। साइबर अटैक समेत अन्य आशंकाओं के मद्देनजर सॉफ्टवेयर अपडेट किए जाते हैं। जल्द ही सर्वर अपनी पुरानी गति के साथ काम करना शुरू कर देगा।