शहर में तड़के से शुरू हुई मुसलाधार बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। इससे सड़कों पर लंबा जाम लग गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश से देहरादून में अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिरकर 33.8 डिग्री पहुंच गया।
बृहस्पतिवार सुबह से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला। तड़के चार बजे से रुक-रुककर दोपहर एक बजे तक बारिश होती रही। दस बजे के करीब हुई मूसलाधार बारिश से सड़कों पर जलभराव देखने को मिला। राजपुर रोड से लेकर कैनाल रोड चौक, दिलाराम चौक, बहल चौक, एस्लेहॉल चौक, रेलवे स्टेशन चौक, लेंसडाैन चौक, प्रिंस चौक, बल्लीवाला चौक, धर्मपुर चौक, आराघर चौक, माजरा चौक, आईएसबीटी समेत कई जगह जलभराव हुआ।
जलभराव में कुछ जगह वाहन बंद होने से जाम की समस्या ने भी लोगों को खूब सताया। करीब दोपहर एक बजे बारिश रुकी तो लोगों को राहत मिली, इस दौरान कुछ देर के लिए उमस भरी गर्मी ने भी सताया।
Uttarakhand Weather: मानसून से पहले सरकार ने शुरू की तैयारी, जोशीमठ में बना संयुक्त कंट्रोल रूम
खोदी सड़कों से दोगुनी हुई समस्या
शहर की कई सड़कों को स्मार्ट सिटी के कार्याें के लिए खोदा गया है। मूसलाधार बारिश के चलते इन सड़कों पर कीचड़ हो गया और लोगों की परेशानी दोगुनी हो गई। खासकर दोपहिया वाहनों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। राजपुर रोड स्थित जीजीआईसी से पहले सड़क को स्मार्ट सिटी के कार्याें के लिए खोदा गया है। ऐसे ही दिलाराम चौक के आसपास भी सड़क की किनारे खोदा गया है। चकराता रोड, आईएसबीटी सहित विभिन्न कॉलोनियों में भी खोदाई के चलते सड़क पर कीचड़ हो गया।
करनपुर में औसत से ज्यादा बरसे मेघ
दून जिले के करनपुर में बृहस्पतिवार को 52 एमएम बारिश हुई, जो औसत बारिश से अधिक है। दून में औसत बारिश का आंकड़ा 15.6 से 64.4 एमएम है। जबकि, मोहकमपुर में 41 एमएम बारिश हुई। सबसे कम आशारोड़ी में 13 एमएम बारिश दर्ज की गई।