फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: हिमालयी क्षेत्र में आए बर्फीले तूफान से शून्य से नीचे पहुंचा पारा, सर्दी ने किया बेहाल

Sun, 29 Dec 2019 10:31 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
रुद्रपुर में छाया घना कोहरा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तराखंड में शीतलहर का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। पारा लगातार गिर रहा है और बर्फीली हवाएं हाड़ कंपा रही है। वहीं आज शनिवार को राजधानी देहरादून समेत आसपास के इलाकों में धूप खिली रही। हालांकि सुबह के वक्त यहां खासी ठंड रही। देहरादून सहित ऋषिकेश, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, हल्द्वानी में सुबह कोहरा छाया रहा। बाद में धूप खिली, लेकिन सर्दी से लोग परेशान रहे। 

विज्ञापन


चमोली जिले के गोपेश्वर में शनिवार की सुबह तापमान चार डिग्री रहा। जोशीमठ में दो डिग्री रहा। बदरीनाथ धाम में तापमान माइनस छह डिग्री, हेमकुंड में माइनस 13 डिग्री, सतोपंथ में माइनस 14 डिग्री, घाट विकास खंड के रामणी गांव में माइनस एक डिग्री, पोखरी  के मोहनखाल क्षेत्र में एक डिग्री, लोहाजंग में एक डिग्री और पाणा-ईराणी माइनस दो डिग्री तापमान रहा। टिहरी जिले सुबह से धूप खिली है। बड़कोट यमुनोत्री घाटी में सुबह से चटख धूप खिली हुई.है।

रुद्रपुर तराई में शनिवार को फिर लोग कोहरे से ठिठुरते रहे। तराई में कोहरे का प्रकोप जारी है। रुद्रपुर में घने कोहरे से सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। बीते शुक्रवार को धूप ने लोगों को ठंड से हल्की राहत दी। लेकिन शनिवार की सुबह घने कोहरे ने सफेद चादर ओढ़ ली। सड़कों पर स्कूली बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल जाते दिखे। उधर, कोहरे का असर रेल व रोडवेज बसों पर भी पड़ा। नियत समय से देरी पर रेल व बसें पहुंची।

विज्ञापन

बर्फीले तूफान और रात को पड़ रहे पाले से ठंड में काफी इजाफा

हिमालयी क्षेत्र में शुक्रवार तड़के से दोपहर तक बर्फीला तूफान आया। इसे देखते हुए प्रशासन ने सरकारी मशीनरी को अलर्ट कर दिया है। बर्फीले तूफान और रात को पड़ रहे पाले से ठंड में काफी इजाफा हो गया है।

शुक्रवार को मुनस्यारी का न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री पहुंच गया, जबकि पिथौरागढ़ का न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तापमान में गिरावट से मुनस्यारी में ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो जा रहीं हैं।

शुक्रवार तड़के 4 बजे से पंचाचूली, राजरंभा, हंसलिंग, मिलम, रालम, छिपलाकेदार, नंदा देवी बेस कैंप, हीरामणि, नामिक ग्लेशियर के साथ ही हिमालयी क्षेत्र के विभिन्न इलाके बर्फीले तूफान की चपेट में रहे। मुनस्यारी नगर से पंचाचूली, हंसलिंग आदि चोटियों पर बर्फ उड़ते देखी गई। दोपहर करीब एक बजे बर्फीला तूफान थमा।

बर्फीले तूफान को देखते हुए उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनियां ने सुबह 6 बजे राजस्व पुलिस कर्मियों की आपात बैठक बुलाकर सभी को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। अन्य विभागों को भी सतर्क किया गया है। एसडीएम ने बताया कि उच्च हिमालयी इलाकों में आईटीबीपी की अग्रिम चौकियों में जवान तैनात हैं। तूफान से किसी प्रकार के नुकसान की जानकारी नहीं है।

31 दिसंबर से दो जनवरी तक हो सकती है बर्फबारी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 31 दिसंबर की रात, एक व दो जनवरी को आंशिक बर्फबारी हो सकती है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि औली के साथ ही जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 31 दिसंबर की रात्रि से मौसम खराब हो जाएगा।

उधर, कर्णप्रयाग सहित नौटी, नंदासैंण, बेनीताल आदि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दोपहर में हालांकि तेज धूप खिल रही है, लेकिन शाम होते ही पाला पड़ना शुरू हो जा रहा है। रात में पाले के कारण तापमान पिछले चार दिन से लगातार गिर रहा है।

शनिवार को कर्णप्रयाग नगर का तापमान सुबह तीन बजे शून्य, पांच से सात बजे के बीच एक और 11 बजे 10 डिग्री सेल्सियस रहा। गौचर, आदिबदरी, गैरसैंण, नारायणबगड़, थराली व देवाल में भी लोग कड़ाके की ठंड से बेहाल हैं। हालांकि बाजारों में प्रशासन ने अलाव के इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन

केदारनाथ तक सुहावना रहा मौसम, धूप खिली रही

रुद्रप्रयाग में जिला मुख्यालय से लेकर केदारनाथ में दिनभर धूप खिली रही, लेकिन शीतलहर की वजह से ठंड का प्रकोप बना रहा। शनिवार को रुद्रप्रयाग में अधिकतम तापमान 22 व न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
उधर, तहसील मुख्यालय ऊखीमठ, गुप्तकाशी, सोनप्रयाग, गौरीकुंड समेत जखोली में सुबह और शाम को ठंड का असर अधिक बना हुआ है। ऊखीमठ में अधिकतम तापमान 16 डिग्री व न्यूनतम 1 डिग्री, चोपता में अधिकतम तापमान 8 व न्यूनतम माइनस 4 डिग्री है।
 
बीते 12 दिसंबर से केदारनाथ धाम में बिजली व संचार सेवा ठप पड़ी है। साथ ही वहां प्रशासन, पुलिस और कार्यदायी संस्थाओं का कोई व्यक्ति नहीं है। धाम में अभी करीब छह फीट बर्फ जमी है। 

यह है इन दिनों विभिन्न क्षेत्रों का तापमान
स्थान    -     तापमान 
औली        माइनेस पांच 
जोशीमठ     दो 
पांडुकेश्वर    एक 
गोविंदघाट     एक 
गोपेश्वर       पांच 
पीपलकोटी    चार 
नंदप्रयाग      चार 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें