चमोली जिले में सरकारी कामकाज और विभागीय जिम्मेदारियों में लापरवाही बरतने पर शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) से जुड़े कार्य में उदासीनता और लंबे समय से अनुपस्थित रहने के मामले में एक सहायक अध्यापक को निलंबित किया गया है।
विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) में लापरवाही बरतने के आरोप में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) ने एक सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया है। शिक्षक को उप शिक्षाधिकारी कार्यालय में संबद्ध कर दिया गया है।
विज्ञापन
चमोली जिले के विकासखंड ज्योतिर्मठ में एसआईआर के कार्य को लेकर तहसीलदार ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढाक में तैनात सहायक अध्यापक दिनेश कुमार द्वारा लगातार लापरवाही बरतने की रिपोर्ट दी थी। बार-बार कहने के बाद भी उसने एसआईआर का कार्य पूरा नहीं किया। साथ ही वह एक जुलाई को ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म होने के बाद भी विद्यालय से लगातार अनुपस्थित चल रहा था।
शिकायतों के आधार पर शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक से इसपर जवाब मांगा, लेकिन उसने कोई जवाब भी नहीं दिया। इसके आधार पर सहायक अध्यापक दिनेश कुमार को निलंबत करते हुए उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय ज्योतिर्मठ में संबद्ध कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक को लेकर पहले भी शिकायतें आ रही थी। ग्रामीणों की शिकायत पर उसे प्राथमिक विद्यालय ढाक से प्राथमिक विद्यालय चोरमी में संबद्ध किया था।
सहायक अध्यापक दिनेश कुमार के खिलाफ तहसीलदार ने एसआईआर में लापरवाही बरतने की सूचना भेजी थी। शिक्षक से जवाब मांगा गया, लेकिन उसने जवाब भी नहीं दिया। इसके चलते उसे निलंबत कर दिया गया है। वह ग्रीष्मकाल के बाद से लगातार विद्यालय से भी अनुपस्थित चल रहा है। - पंकज उप्रेती, जिला शिक्षाधिकारी चमोली (प्रारंभिक)