धाम में पहली मार्च से तैनात होगा पुलिस बल
नौ मार्च से शुरू होने वाले मां पूर्णागिरि मेले की सुरक्षा व्यवस्था सीसीटीवी की निगरानी में रहेगी। इसके लिए भैरव मंदिर के पास जमरानी से लेकर मुख्य मंदिर तक सीसीटीवी लगाए जाएंगे। बुधवार को पूर्णागिरि धाम में हुई बैठक में एसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि धाम के तीन थानों ठुलीगाड़, भैरव मंदिर और काली मंदिर क्षेत्र की पुलिस चौकी में एक मार्च से पुलिस बल की तैनाती हो जाएगी जबकि समूचे पुलिस बल की तैनाती आठ मार्च तक होगी।
धाम में नागा क्षेत्र से टुन्नास तक एक किलोमीटर क्षेत्र में डिवाइडर बनाए जाएंगे। मंदिर समिति ने ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर के बीच 30-40 से अधिक टैक्सियों का संचालन नहीं करने की बात कही। श्रद्धालुओं के साथ खींचतान करने वाले दुकानदारों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। बैठक में टनकपुर के सीओ अविनाश वर्मा, कोतवाल चंद्रमोहन सिंह, बनबसा के थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जग्वाण, बूम चौकी प्रभारी सोनू सिंह, मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, उपाध्यक्ष नीरज पांडेय, सचिव सुरेश तिवारी और कोषाध्यक्ष नवीन तिवारी, पूर्व अध्यक्ष भुवन पांडेय, नेत्र बल्लभ तिवारी, राजेंद्र तिवारी, बबलू तिवारी, कैलाश पांडेय आदि मौजूद थे।
आस्था के पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालु बड़ी संख्या में भंडारा करते हैं। इस पुण्य काम के लिए किसी तरह का शुल्क लिया जाना धर्म की भावना को आहत करता है। इस कारण प्रशासन ने भंडारे के लिए इस शुल्क को लेने पर रोक लगाई है।
- सुंदर सिंह, एसडीएम, टनकपुर।