चीन सीमा को जोड़ने वाली तवाघाट-लिपुलेख सड़क पर घट्टाबगड़ से लिपुलेख के बीच अगले 12 दिन तक यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा। इस दौरान सड़क चौड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य तेजी से किया जाएगा। बीआरओ को 31 मार्च 2023 तक इस सड़क का कार्य हर हाल में पूरा करना है। दरअसल इस सड़क पर ट्रैफिक बढ़ने से निर्माण कार्य में देरी हो रही है। इस वजह से यातायात बंद करने का फैसला लिया गया है।
Mussoorie: विरोध के बीच देहरादून मार्ग के अवैध निर्माण पर गरजा बुलडोजर, 30 स्थानों पर ध्वस्त किया अतिक्रमण
सड़क कटिंग के साथ बढ़ शुरू हो गई थी वाहनों की आवाजाही
2018 में तवाघाट-लिपुलेख सड़क की कटिंग के साथ वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी। सड़क बनने के बाद व्यास घाटी के लिए लोगों की आवाजाही भी बढ़ी है। घाटी के सात गांवों में हर साल लोग माइग्रेशन पर इसी सड़क से आते-जाते हैं। ओम पर्वत और आदि कैलाश जाने के लिए भी पर्यटकों की आवाजाही इस मार्ग पर बढ़ी है। वर्तमान में उच्च हिमालयी क्षेत्र में हिमपात होने से माइग्रेशन पर गए लोग लौटने लगे हैं।
20 किमी का कार्य है बाकी
बीआरओ के ओसी ले.कर्नल ने धारचूला के संयुक्त मजिस्ट्रेट को भी पत्र जारी कर इस कार्य में सहयोग करने की अपील की है। गर्ग एंड गर्ग कंपनी ने सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से शुरू कर दिया है। इस सड़क पर घट्टाबगड़ से 20 किमी दूर तक कार्य होना है। यातायात के कारण सड़क चौड़ीकरण के काम में बाधा पहुंच रही थी।