औली की खूबसूरत बर्फीली ढलानों पर स्कीइंग के साथ ही पर्यटक चमोली जिले की नदियों में फिश एंगलिंग का शौक भी पूरा कर सकेंगे। जिले में अलकनंदा, नंदाकिनी, रामगंगा, निगोल नदी और पिंडर नदी में जिला पर्यटन विभाग और मत्स्य पालन विभाग ने फिश एंगलिंग की योजना तैयार की है।
इसके लिए नदियों के किनारे पांच-पांच किलोमीटर के दायरे में 32 बीट (एंगलिंग स्थान) चयनित किए गए हैं। वन विभाग से भी फिश एंगलिंग के लिए उपर्युक्त स्थानों के चयन में मदद मांगी गई है। बदरीनाथ धाम के समीप सतोपंथ से अलकनंदा और त्रिशूल पर्वत की तलहटी से नंदाकिनी का उद्गम होता है, जबकि गैरसैंण में रामगंगा, पोखरी में निगोल और देवाल क्षेत्र से पिंडर नदी बहती है।
इन नदियों में ट्राउट मछली बड़ी मात्रा में पाई जाती हैं। जिला पर्यटन विभाग ने नदियों को स्वरोजगार से जोड़ने की योजना बनाई है। योजना के तहत नदियों के किनारे फिश एंगलिंग के लिए बीट निर्धारित किए गए हैं। इसके लिए इन दिनों सर्वेक्षण कार्य चल रहा है।