पौड़ी विकासखंड कल्जीखाल के घंडियाल बाजार क्षेत्र की झाड़ियों में अचानक आग लग गई, जो देखते ही देखते बाजार के समीप आ गई। जिससे कुछ देर के लिए बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्र में तैनात राजस्व, वन कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
मंगलवार दोपहर को घंडियाल बाजार क्षेत्र में झाड़ियों ने अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल रहा। बताया गया कि किसी असामाजिक तत्व ने डांगी गांव के समीप की झाड़ियों में आग लगा दी। तेज हवा के चलते झाड़ियों में आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग घंडियाल बाजार के समीप आ पहुंची। समीप ही ग्रामीणों के आवास व बाजार होने के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस बीच डांगी गांव से कई ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। जंगमोहन डांगी ने बताया कि करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने में राजस्व उप निरीक्षक अरविंद पटवाल, वन कर्मी प्रदीप पाल, संजय रावत, संजय कुमार, हेमचंद्र, अंकित, दिनेश चौहान, नीतू शामिल रही।