मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अधिकारियों को प्रदेश में मानव तस्करी के मामलों को पूरी तरह से रोकने के लिए एक पुख्ता कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने चमोली जिले में नाबालिग बालिका की शादी और उत्पीड़न के मामले को बेहद गंभीर मानते हुए निर्देश दिए महिलाओं और बच्चों के प्रति अपराधों पर सख्त से सख्त कार्रवाई जाए।
मुख्यमंत्री ने बीजापुर में शासन के उच्चाधिकारियों की बैठक में मानव तस्करी के मामलों की लगातार निगरानी के लिए फुल टाइम अपर सचिव स्तर के अधिकारी की तैनाती करने के भी निर्देश दिए। कहा कि साइबर अपराध और बच्चों व महिलाओं से संबंधित अपराधों के मामलों को कार्रवाई के लिए सीधे रेगुलर पुलिस को सौंपें।
फास्ट ट्रैक मोड में कार्रवाई सुनिश्चित हो। केवल मामला ही दर्ज नहीं करना है बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाना है कि अपराधी को सख्त से सख्त सजा मिले। बैठक में मुख्य सचिव ओमप्रकाश, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अशोक कुमार, सचिव नितेश झा, अमित नेगी, आर मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।