सरकारी अस्पताल के पास पौड़ी हाईवे के मोड़ पर गुलदार ने बाइक सवार दो युवकों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह बाइक तेज क आगे बढ़ गए। घायल युवकों का स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा में प्राथमिक उपचार कराया गया।
डॉ. फिरोज ने बताया कि दोनों युवकों के पांव पर गुलदार के दांत और पंजे से गहरे जख्म हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को कोटद्वार बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इससे पहले भी 19 जुलाई को बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रही रीना देवी (38) पर गुलदार ने हमला कर मार डाला था।
वन विभाग ने गुलदार को पिंजरा लगाकर पकड़ लिया था। ग्राम धरासू निवासी कमल चौहान (32) और हरेंद्र चौहान (24) बाइक पर सवार हो देहरादून जा रहे थे। जमणया बैंड के समीप झाड़ी में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया, किस्मत से उनकी जान बच गई। इसी स्थान के आसपास फतेहपुर से फरीदाबाद लौट रहे पर्यटक अमित सिंह की कार पर भी गुलदार ने हमला किया था।
लैंसडौन में गुलदार से डरे लोगों ने की पिंजरा लगाने की मांग
लैंसडौन में सक्रिय गुलदार के तीन लोगों पर हमला करने के बाद डरे लोगों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है। गुलदार नगर के कई क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। एक माह के अंतराल में गुलदार के हमलों में 2 सैनिक घायल हुए हैं, जबकि एक बाइक सवार युवक का पीछा कर गुलदार ने हमले का प्रयास किया। वन विभाग की ओर से लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार गश्त की जा रही है। लैंसडौन के रेंज अधिकारी बीडी तिवारी ने बताया कि गुलदार को पिंजरे में कैद करने के लिए शासन से अनुमति होनी जरूरी है। उसके बाद की कार्रवाई की जा सकती है।