दरअसल, कुछ समय पहले पुलिस कर्मियों के ग्रेड पे में भारी कटौती का आदेश मुख्यालय से जारी कर दिया गया था। इस खबर को अमर उजाला ने रुद्रपुर से प्रकशित किया था। तभी से पुलिस कर्मियों के परिजन ग्रेड पे में कटौती का विरोध कर रहे हैं।
पुलिस कर्मियों को मनाने के लिए शनिवार देर शाम डीजीपी अशोक कुमार ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया कि प्रिय साथियों प्रदेश पुलिस का मुखिया होने के नाते मैं आप लोगों की ग्रेड पे से संबंधित समस्या से भलीभांति वाकिफ हूं और सुलझाने के लिए सरकार एवं शासन की ओर से पूरा प्रयास किया जा रहा है। 27 तारीख को कैबिनेट सब कमेटी की मीटिंग है।
बकौल डीजीपी ‘मुझे उम्मीद है कि आपकी समस्या का समाधान जरूर निकलेगा, इसलिए मेरा आपसे और आपके परिजनों से अनुरोध है कि कृपया करके कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे उत्तराखंड पुलिस जैसे अनुशासित बल पर लोगों को अनुशासनहीनता का आरोप लगाने का मौका मिले।’ मेरी आपसे अपील है कि किसी भी तरह के प्रस्तावित धरना या प्रदर्शन से बचें और संयम बनाकर रखें। वहीं एसएसपी डीएस कुंवर ने कहा है कि उच्चधिकारी इस मामले को लेकर शासन से वार्ता कर रहे हैं।