उत्तराखंड के चमोली जिले में चीन सीमा से लगे माणा में एक मजदूर नदी पर करते समय गिर गया। अन्य लेागों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी के बहाव में वह बह गया।
जहां ये घटना हुई वह जगह भारत-चीन सीमा पर माणा पास घसतोली से दो किमी माणा की तरफ है। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है। बता दें कि यहां बीते दिनों बर्फबारी हुई थी, जिसके बाद मजदूर वापस लौट रहे थे।
चमोली के ऊंचे पहाड़ों पर जून में हुई बर्फबारी
जून महीने में चमोली जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। भारत-चीन सीमा से लगे माणा पास क्षेत्र में पिछले दिनों जमकर बर्फबारी हुई है। पूरा क्षेत्र बर्फ से ढका हुआ नजर आ रहा है।
छह हजार फीट की ऊंचाई पर पिछले दिनों जमकर बर्फबारी हुई
जून माह में बर्फबारी होने की बात हैरान करती है, लेकिन चमोली जिले के करीब छह हजार फीट की ऊंचाई पर पिछले दिनों जमकर बर्फबारी हुई है। इन दिनों इस क्षेत्र में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के मजदूर सड़क निर्माण में जुटे हैं। नवंबर माह के बाद यहां भारी बर्फबारी होती है, जिससे इस क्षेत्र में सेना और आईटीबीपी के अलावा कोई नहीं रहता।
जून में बर्फबारी ने सबको हैरान कर दिया
आम तौर पर जून माह में इस क्षेत्र में खूब बारिश होती है, लेकिन इस बार बर्फबारी ने सबको हैरान कर दिया है। इस क्षेत्र में करीब एक फीट से अधिक बर्फबारी हुई है। बीआरओ के एक अधिकारी ने बताया कि बर्फबारी से चीन सीमा क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, इसके बावजूद मजदूर यहां सड़क निर्माण में जुटे हैं।
बता दें कि जिले की नीती और माणा घाटी चीन सीमा से जुड़ती है और इन दोनों घाटियों में पिछले कुछ सालों से सड़क का विस्तारीकरण कार्य जोरों पर चल रहा है।