नए साल को लेकर तीर्थनगरी और आसपास के होटल, रिसॉर्ट व कैंप संचालक जोर शोर से तैयारियों में जुटे हैं। ऋषिकेश के आसपास थर्टी फर्स्ट पर ज्यादातर जश्न कैंपों में ही होंगे।
तपोवन क्षेत्र के नौ से अधिक होटल और कैंप नए साल का जश्न मनाने को तैयार हैं। तपोवन, शिवपुरी, लक्ष्मणझूला आदि स्थानों जगहों पर बने होटल और कैंपों में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में बाहरी प्रदेशों से लोग पहुंचते हैं। इस दौरान यहां बोन फायर, डीजे नाइट पार्टी, तंबोला, न्यू ईयर स्पेशल गेम आदि शामिल हैं।
मौसम बढ़ाएगा जश्न का मजा
मौसम विभाग के अनुसार, इस बार बर्फबारी केे आसार हैं जिससे नए साल का मजा दोगुना हो जाएगा। इसे देखते हुए पर्यटकों के चकराता और मसूरी बड़ी संख्या में पहुंचने की उम्मीद है। वहीं कहीं कहीं बारिश भी हो सकती है।
पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से पुलिस समेत सभी संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं। होटलों की एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी बैठक कर पर्यटकों से ओवर रेट न लेने और उनके साथ अदब से पेश आने की अपील की गई है।
- जसपाल चौहान, जिला पर्यटन विकास अधिकारी
पार्कों के आसपास नए साल पर जोर से संगीत नहीं बजेगा
साल का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में देश विदेश के पर्यटक उत्तराखंड की ओर रुख करते हैं। इनमें कई ऐसे होते हैं जो जिम कार्बेट व राजाजी टाइगर रिजर्व में चोरी छिपे दाखिल होकर दुर्लभ प्रजाति के जंगली जीवों का शिकार कर जश्न मनाते हैं। ऐसे शिकारियों पर नजर रखने के लिए जिम कार्बेट व राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन की ओर से ड्रोन कैमरों से निगरानी करेंगे। पार्क क्षेत्र में गश्त भी बढ़ा दी है।
अधिकारियों, कर्मचारियों के अवकाशों पर रोक लगा दी है। राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक पीके पात्रो ने बताया कि वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर हर संभव कदम उठाए गए हैं। यह सुनिश्चित कराया जाएगा कि नए साल के जश्न के चलते वन्यजीवों का जीवन प्रभावित न हो। जिम कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक राहुल ने बताया कि वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर हर संभव कदम उठाए गए हैं।
नए साल पर दून की सड़कों पर पूरी रात तैनात रहेगी 108 सेवा
नए साल के जश्न को लेकर जहां लोग बेताब हैं वहीं इस दौरान होने वाले हादसों में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन कर रही निजी कंपनी ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। 31 दिसंबर को पूरी रात जगह-जगह दून की सड़कों पर एंबुलेंस खड़ी नजर आएगी।