युवक और युवती के शव मिलने के बाद ग्रामीणों में ऑनर किलिंग का मामला होने की चर्चा जोरों पर है। ग्रामीण और क्षेत्र के लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। वहीं, पुलिस भी कई बिंदुओं पर मामले की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही दोनों के परिजनों से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि युवक किताबों की दुकान चलाता था।
कपड़ों से हुई दोनों की पहचान
युवती और युवक के शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस बीच युवक और युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने उनके कपड़ों से पहचान की। दोनों के शव देखकर परिजनों को होश उड़ गए। उनका रो-रोककर बुरा हाल है।
मौके से एक तमंचा बरामद
पुलिस ने खेत की बारीकी से छानबीन की तो एक तमंचा भी बरामद हुआ। पुलिस ने तमंचे को कब्जे में ले लिया। वहीं, बताया जा रहा है कि अभी तक युवती के शरीर के कई हिस्से गायब हैं। पुलिस आसपास के खेतों में तलाश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि जंगली जानवरों ने दोनों के शवों को क्षत-विक्षत किया होगा और युवती के अंगों को खा लिया होगा।
डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची
युवती और युवक के शव मिलने की सूचना पर हरिद्वार से डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने कुत्ते की मदद से खेत की छानबीन की, लेकिन कुछ नहीं मिला। वहीं, पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है और गहनता से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि तीनों को झबरेड़ा थाने से अलग किसी दूसरे स्थान पर लेकर जाकर पूछताछ की जा रही है।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
युवती और युवक अलग-अलग समुदाय के हैं, जिसे लेकर पुलिस अलर्ट है। पुलिस अधिकारियों ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया है। साथ ही ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, खुफिया विभाग भी ग्रामीणों की नब्ज टटोल रहा है और दोनों पक्षों के लोगों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।