गैरसैंण में सचिवालय का शिलान्यास
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को गैरसैंण में उत्तराखंड सचिवालय भराड़ीसैंण (गैरसैंण) का शिलान्यास किया। इसकी अनुमानित लागत 110 करोड़ रुपये है। भराड़ीसैण में विधानसभा भवन के बाद अब सचिवालय भी जल्द बनकर तैयार हो जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में 240 करोड़ 16 लाख 18 हजार रुपये के कुल 81 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
लोकार्पण और शिलान्यास के बाद आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के सुनियोजित विकास के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति बनाकर अल्पकालीन और दीर्घकालीन योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसमें विशेषज्ञों की राय ली जाएगी। गैरसैंण के विकास में निजी निवेशकों को भी शामिल किया जाएगा।
सीएम ने 207 करोड़ 24 लाख 75 हजार रुपये लागत के 46 कार्यों का शिलान्यास किया गया, जबकि 32 करोड़ 91 लाख 43 हजार रुपये के 35 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस मौके पर उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डा. धनसिंह रावत, विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, महेंद्र भट्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान, एसडीएम कौस्तुभ मिश्र के साथ ही कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
चंद्र सिंह गढ़वाली की समाधि तक करुंगा पैदल यात्रा-सीएम
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को दोपहर 11 बजे पेशावर कांड के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की समाधि स्थल कोदीयाबगड़ (दूधातोली) पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने समाधि स्थल के समीप एक पौधा भी रोपा।
सीएम ने कहा कि मुझे वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के दूधातोली स्थित समाधि स्थल पर पैदल जाना था। परंतु स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण हेलीकॉप्टर से जाकर चंद्र सिंह गढ़वाली को श्रद्धांजलि अर्पित की। परंतु मुझे वहां पैदल जाना है। जल्द ही मैं वहां पैदल जाउंगा। मुख्यमंत्री ने सिलकोट टी एस्टेट का हवाई सर्वेक्षण भी किया।