हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश रमेश रंगनाथन आज राज भवन देहरादून में शपथ ली। इसके बाद वह हाईकोर्ट में कार्यभार ग्रहण करेंगे। इस बावत 30 अक्तूबर को नोटिफिकेशन जारी किया गया था।
राजभवन में सादे समारोह में राज्यपाल ने मुख्य न्यायाधीश को पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के उपरांत अपर मुख्य सचिव ने शपथ पत्र पर मुख्य न्यायाधीश एवं राज्यपाल के हस्ताक्षर कराए। अपर मुख्य सचिव रणवीर सिंह ने हिंदी एवं अंग्रेजी में वह अधिपत्र पढ़कर सुनाया, जिसके अनुसार भारत के राष्ट्रपति द्वारा रमेश रंगनाथन को उत्तराखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, मंत्री मदन कौशिक, सुबोध उनियाल, राज्य मंत्री धन सिंह रावत, सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, माला राज्य लक्ष्मी शाह, विधायक खजान दास, डीजीपी एके रतूड़ी सहित शासन और हाईकोर्ट के अधिकारी मौजूद रहे।
बता दें कि तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के वरिष्ठतम न्यायमूर्ति रमेश रंगनाथन को उत्तराखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने के लिए 24 अक्तूबर को भारत सरकार के न्याय एवं कानून मंत्रालय के संयुक्त सचिव राजिंदर कश्यप के हस्ताक्षरों से गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया था।