माय सिटी रिपोर्टर देहरादून देश दुनिया में फ़ैले कोरोना वायरस के खतरे से निपटने के लिए सरकारी विभागों ,उद्योगपतियों , नामचीन खिलाड़ियों ,सामाजिक संस्थाओं की ओर से आर्थिक मदद मुहैया कराई जा रही है । इसी कड़ी में उत्तराखंड वन विकास निगम ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 2572548 रुपए की सहयोग राशि दी है । इतना ही नहीं वन विकास निगम की ओर से प्रधानमंत्री राहत कोष में भी पांच लाख की सहयोग राशि प्रदान की गई है ।वन विकास निगम के प्रबंध निदेशक मोनीष मल्लिक ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात कर निगम की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में दी जाने वाली सहयोग राशि का चेक सौंपा । इस मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वन विकास निगम के अधिकारियों कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में तमाम सरकारी विभागों के अलावा सामाजिक व राजनीतिक संगठन मदद को आगे आ रहे हैं जो बहुत अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि देश दुनिया में फैली इस बीमारी को एकजुटता के साथ ही हराया जा सकता है। दूसरी ओर प्रबंध निदेशक मोनीष मल्लिक ने बताया कि वन निगम के सभी अधिकारियों , कर्मचारियों ने अपना एक दिन का वेतन कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए दिया। जिसके लिए तमाम अधिकारी कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। बता दें कि देश दुनिया में फैले कोरोनावायरस से निपटने को लेकर देश के तमाम नामी-गिरामी उद्योगपतियों , फिल्म कलाकारों, खिलाड़ियों के अलावा तमाम राजनीतिक संगठनों की ओर से अपने प्रधानमंत्री राहत कोष के साथ ही विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी सहयोग राशि दी जा रही है।