आपदा प्रभावित क्षेत्र से निकाले जा रहे शवों में से यूपी के निवासियों के शव उनके परिजनों तक पहुंचाने के लिए यूपी के अधिकारियों का एक दल एक सप्ताह से तपोवन में कैंप किए हुए है। दल में सहारनपुर के एडीएम विनोद कुमार, एसपी क्राइम बिजनौर अनित कुमार, राहत आयुक्त कार्यालय से चंद्रकांत और लखीमपुर खीरी के एसडीएम डा. अमरेश हैं।
सुरंग में फंसे लोगों तक पहुंचने में जुटे हैं एनडीआरएफ के176 जवान
ऋषि गंगा की जल प्रलय के बाद से तपोवन सुरंग में फंसे लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की पांच टीमों में 176 जवान जुटे हुए हैं। इसमें तीन टीमें गाजियाबाद से पहुंचीं हैं। बचाव दल ने रैणी, तपोवन बैराज, धौली गंगा और सुरंग में सर्च अभियान शुरू किया जो अभी भी लगातार जारी है।
यूपीसीएल को 30 लाख का नुकसान, तीन किमी बिजली लाइन टूटी, 32 पोल और तीन ट्रांसफार्मर बहे
ऋषिगंगा में आई आपदा में ऊर्जा निगम को करीब 30 लाख का नुकसान हुआ है। तपोवन से पैंग गांव तक करीब तीन किमी बिजली लाइन टूट गई। 32 बिजली के पोल और तीन ट्रांसफार्मर बह गए । राहत दल ने ट्रांसफार्मर, बिजली के पोल और तार भी क्षेत्र में पहुंचाए हैं। फिलहाल 11 केवी बिजली की लाइन बिछाने का काम जारी है। वैकल्पिक तौर पर प्रशासन की और से सोलर लाइटें बांटी गई हैं।