विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एसओपी का पालन करना होगा। प्रवेश द्वार पर सभी आगंतुकों का थर्मल स्कैनिंग एवं सैनिटाइजेशन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग को सत्र के दौरान आवश्यक चिकित्सा दल, दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं मुस्तैदी से कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया है। सत्र के दौरान मुख्य द्वार से ही सदन तक सभी को सैनिटाइज करवाया जाएगा।
गैर सरकारी व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति नहीं
बजट सत्र के दौरान दर्शक दीर्घा एवं अधिकारी दीर्घा में किसी व्यक्ति को प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा। सत्र के दौरान गैर सरकारी व्यक्तियों को परिसर में प्रवेश की अनुमति प्राप्त नहीं होगी। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि कोविड के चलते मीडियाकर्मियों को सीमित संख्या में ही सूचना विभाग द्वारा जारी की जाने वाली सूची के अनुसार ही सत्र के लिए पास आवंटित किए जाएंगे। विधानसभा परिसर में विधायकों के साथ आने वाले सहवर्ती का प्रवेश विधान सभा भवन में वर्जित किया गया है। प्रवेश केवल परिसर में ही अनुमन्य होगा। पूर्व विधायकों को भी परिसर में आने से बचने का अनुरोध किया गया है।
राज्यपाल के अभिभाषण के समय सूचना विभाग द्वारा ही वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी होगी। सत्र के लिए अभी तक 593 प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं। बैठक में प्रमुख सचिव ओम प्रकाश, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आईजी पुलिस नीरू गर्ग, सचिव स्वास्थ्य पीके पांडे, सचिव आईटीडीए अमित सिन्हा, सचिव बीएस मनराल, आईजी एपी अंशुमान, डीजी सूचना विभाग एमएस बिष्ट, डीजी स्वास्थ्य अमिता उप्रेती, अपर सचिव प्रशासन प्रताप सिंह शाह, उत्तराखंड विधान सभा के प्रभारी सचिव मुकेश सिंघल सहित शासन एवं विभिन्न विभाग के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।