प्रदेश सरकार ने बजट में जनवरी 2021 में प्रस्तावित कुंभ मेले के लिए पुलिस विभाग के लिए 60.12 करोड़ का प्रावधान किया है। हालांकि कुंभ मेले को छोड़कर पुलिस आधुनिकीकरण और जेलों के उद्धार को कुल 174.33 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इससे पुलिस महकमे में थाना और नई चौकियों के भवनों के निर्माण होने की उम्मीद जगी है।
सरकार ने बजट में प्रस्तावित कुंभ मेले में बेहतर व्यवस्थाओं और पुलिस आधुनिकीकरण के संकल्प को दोहराया है। कहा गया कि जनसहभागिता से शांति बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पर्यटन गतिविधियाें को सुचारु बनाने को पुलिस विभाग का निरंतर आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
नई पुलिस चौकी स्थापित करने के साथ उच्चीकरण की कार्रवाई चल रही है। पुलिस और जेल विभाग के लिए 2174.33 करोड़ की धनराशि प्रस्तावित की गई। सरकार ने दावा किया है कि वर्ष 2018 की तुलना में 2019 में राज्य में घटित सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों और घायलाें की संख्या में कमी आई है।